
UP News: चीनी के बढ़े दाम पर पोस्ट करना लेखपाल को पड़ा भारी, हुए सस्पेंड
UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सोशल मीडिया पर महंगाई के खिलाफ आवाज उठाना शाहगंज तहसील के लेखपाल अशोक कुमार यादव को भारी पड़ गया. चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर फेसबुक पर की गई टिप्पणी ऐसी सुर्खियों में आई कि मामला सीधे विभागीय कार्रवाई तक पहुंच गया.
अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
चीनी पर पोस्ट करना पड़ा भारी
यह पूरा मामला जौनपुर जिले की बदलापुर तहसील का है। यहां तैनात लेखपाल अशोक कुमार यादव ने अपने निजी फेसबुक अकाउंट से बढ़ती महंगाई और सरकार की नीतियों पर तंज कसते हुए एक पोस्ट शेयर की थी। लेखपाल ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर”। देखते ही देखते यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।
ये भी पढ़े-हिजाब पर कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ी सियासी गर्मी, राजभर ने अखिलेश को घेरा
लेखपाल हुआ सस्पेंड
मामले की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी बदलापुर ने इसे उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली का सीधा उल्लंघन माना। नियमावली के तहत किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर सरकार, उसकी नीतियों या राजनीतिक विषयों पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से टीका-टिप्पणी करने की सख्त मनाही होती है।
एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद से अन्य कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवा में रहते हुए अनुशासनहीनता और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़े-सर नौकरी चाहिए’… डिप्टी CM के आवास पहुंचे लाइब्रेरियन अभ्यर्थी, भर्ती निकालने की मांग





