माता की जोत लेकर लौट रहे थे श्रद्धालु… खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसा कैंटर, 4 की मौत

Saharanpur Flyover Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देवबंद फ्लाईओवर पर एक दिल नहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर से दर्शन कर और माता की अखंड ज्योत लेकर मेरठ लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण दुर्घटना में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

चाय पीने के लिए रुकी थी ट्रॉली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के निवासी श्रद्धालु नवरात्रि के पावन अवसर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के लिए सहारनपुर आए थे। दर्शन और माता की पावन ज्योत लेकर वापस लौटते समय तड़के देवबंद फ्लाईओवर पर चाय पीने के लिए श्रद्धालुओं ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे रोकी थी।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर/कैंटर ने सीधे ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में सवार कई लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर सड़क पर जा गिरे और चीख-पुकार मच गई।

सीएम योगी ने भी जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे।  उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए. वहीं, पुलिस हादसे के संबंध में कार्रवाई कर रही है।

नवरात्र के दौरान मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए यह सफर कभी न भूलने वाला दर्द बन गया।  जिस यात्रा के बाद सभी को अपने गांव और परिवार के बीच पहुंचना था, उसी दौरान हुए हादसे में चार लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

Back to top button