Thailand: फुकेट के रिसॉर्ट में लगी भीषण आग, 11 की मौत;16 घायल

Thailand Phuket Fire: थाईलैंड के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और रिसॉर्ट द्वीप फुकेट (Phuket) में सोमवार तड़के एक अग्निकांड सामने आया है। फुकेट के लोकप्रिय पातोंग बीच (Patong Beach) के समीप एक चार मंजिला कमर्शियल शॉपहाउस और आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब सवा तीन बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई अन्य इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

ऊपरी मंजिलों तक फैली लपटें

थाईलैंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा पातोंग इलाके की फांग मुआंग साई कोर रोड स्थित एक चार मंजिला इमारत में हुआ। इस इमारत के निचले हिस्से में वाहन व मोटरसाइकिल किराये (Vehicle Rental Business) पर देने की दुकान और रेस्तरां संचालित था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोगों के रहने की व्यवस्था थी। सोमवार तड़के करीब 3 बजकर 17 मिनट पर भूतल से अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हुईं।

इमारत में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग बेहद तेजी से भड़की और पूरी इमारत समेत पड़ोस के भवनों में फैल गई। उस समय अधिकतर लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही दमकल विभाग (Firefighters) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पुलिस जांच जारी

फुकेट पुलिस ने पुष्टि की है कि इमारत से अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें थाई नागरिक और म्यांमार के श्रमिक शामिल हैं। वहीं, घायलों के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए गए 16 घायलों में 15 थाईलैंड के नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक है। इनमें से अधिकतर लोग धुएं में दम घुटने और भागने के दौरान टूटे हुए कांच लगने से घायल हुए हैं।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी विदेशी पर्यटक के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को घेर लिया है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि थाईलैंड में बीते चार महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी अग्नि त्रासदी है; इससे पहले जुलाई महीने में राजधानी बैंकॉक के एक बार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब 27 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

Back to top button