
SC-ST छात्रों पर मेहरबान योगी सरकार… दीपावली से पहले 3,124 करोड़ की छात्रवृत्ति जारी
CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आईजीपी में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में कहा कि प्रदेश के अनुसूचित जाति-जनजाति के करीब पांच लाख छात्रों को डेटा लॉक होने के कारण छात्रवृत्ति नहीं मिल पायी थी। अब दीपावली से पहले इन छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति भेजने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
सीएम योगी ने कहा कि जिन कारणों से छात्रों को स्कॉलरशिप नहीं मिली, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी त्रुटि न हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी देश और प्रदेश की आर्थिक प्रगति की नींव शिक्षा से ही होती है और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
पिछले वर्षों की छात्रवृत्ति का विवरण
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 से 2024-25 तक अनुसूचित जाति-जनजाति के 1 करोड़ 23 लाख छात्रों को 9,150 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई। इसी अवधि में सामान्य वर्ग के 58 लाख 90 हजार छात्रों को 5,945 करोड़ रुपये उनके खातों में भेजे गए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में छात्रवृत्ति 1,648 करोड़ थी, जबकि आज 2025-26 में यह राशि दोगुनी होकर 3,124 करोड़ 45 लाख रुपये हो गई है। पिछड़े वर्ग के छात्रों को भी 2,825 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
विभागवार वितरण
- समाज कल्याण विभाग: 9वीं से 12वीं तक अनुसूचित जाति-जनजाति और सामान्य जाति के 4 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति।
- पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग: ढाई लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ।
- अल्पसंख्यक कल्याण विभाग: 25,000 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति।
यह भी पढ़ें…
यूपी में हाई अलर्ट… ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर प्रशासन सतर्क
तकनीकी सुधार और पारदर्शिता
सीएम योगी ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से वेरिफिकेशन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि बीच में किसी का हस्तक्षेप न हो।
उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि आने वाली पीढ़ी का नेतृत्व उनके हाथ में है और विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वन नेशन, वन स्कॉलरशिप’ जैसी योजनाओं के जरिए हर छात्र को शिक्षा और छात्रवृत्ति से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें…
बस्ती में धार्मिक झंडा को लेकर बवाल, उपद्रिवों ने बाइक में लगा दी आग…
सतत विकास के लिए शिक्षा बेहद ज़रूरी
सीएम ने बताया कि सरकार ने कंप्यूटर प्रशिक्षण, छात्रावासों के अनुदान और अन्य स्कीमों के लिए धनराशि बढ़ाकर छात्रों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए हैं। उनका कहना था कि शिक्षा को सशक्त बनाने से ही सतत विकास लक्ष्य (SDG) हासिल किया जा सकता है।
इस तरह, उत्तर प्रदेश सरकार लगातार छात्रों को उनके अधिकारों और अवसरों से जोड़ने में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें…





