Chhatishgarh: दुर्ग में भयानक सड़क हादसा, खदान में गिरी बस

Chhatishgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। दुर्ग जिले के कुम्हारी में एक बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

बता दें कि मंगलवार रात ड्यूटी से लौटते समय कर्मचारियों से भरी बस खाई में गिर गई। बस में केडिया डिस्टलरी फैक्ट्री के करीब 40 कर्मचारी सवार थे। पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि ये दुर्घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। दुर्ग जिले के एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि मंगलवार रात लगभग 8.30 बजे डिस्टलरी कंपनी में काम करने वाले कामगार अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद घर जा रहे थे। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है, गंभीर रूप से घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है।

न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग 40 लोगों से भरी बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरी मुरम खदान में गिर गई। मुरम एक प्रकार की मिट्टी है, जिसका उपयोग निर्माण के लिए किया जाता है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है. 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पोस्ट कर इस घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया। खदान से बस को निकालने की भी कोशिश जारी है।

Back to top button