
बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली के पास लापता; छः लोग थे सवार
Uttarakhand Helicopter Missing: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी/फाटा की ओर लौट रहा एक निजी कंपनी (ट्रांस भारत एविएशन) का हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर को जोशीमठ के पास यह हेलीकॉप्टर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संपर्क से बाहर हो गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छः लोग सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके की ओर रवाना हो गई हैं।
खराब मौसम के वजह से हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ धाम से अपनी उड़ान भरी थी। जोशीमठ के समीप हाथी पहाड़ के पीछे छाई गांव के जंगलों के पास पहुंचते ही अचानक इलाके में छाए घने कोहरे, तेज बारिश और खराब दृश्यता (Poor Visibility) के कारण हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त (Crash) होने की गंभीर आशंका जताई है।
खोज में जुटा प्रशासन
घटना की गंभीरता को देखते हुए चमोली के जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गए हैं। लापता हेलीकॉप्टर और उसके मलबे का सुराग लगाने के लिए दो अन्य सर्च हेलीकॉप्टरों को भी इलाके में तैनात किया गया है। हालांकि, घाटी में लगातार हो रही बारिश और बादलों के जमाव के कारण हवाई और जमीनी खोज अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
SDRF की टीमें अलर्ट
जोशीमठ के उपजिलाधिकारी (SDM) ने बताया कि संदिग्ध दुर्घटनास्थल की ओर एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय पुलिस बल को पैदल मार्गों से भी रवाना किया गया है। पहाड़ी इलाका और दुर्गम भूभाग होने के कारण रेस्क्यू टीमों को सटीक लोकेशन तक पहुंचने में समय लग रहा है। प्रशासन का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से भी इनपुट जुटाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट हो सके।





