लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर मरम्मत की खुली पोल, हल्की बारिश में फिर उखड़ने लगी सड़क

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर मरम्मत किए गए पैच हल्की बारिश में ही उखड़ने लगे हैं। जर्जर हुई सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लाखों-करोड़ों रुपये की लागत से हाल ही में मरम्मत (Repair Work) किए गए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के पैच हल्की बारिश में ही उखड़ने लगे हैं।

निर्माण और मरम्मत कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता (Quality) पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि चंद दिन पहले भरी गई डामर और गिट्टियां फिर से निकलकर सड़क पर बिखर गई हैं।

हल्की बारिश में ही खुली पोल

हाल ही में हुई बारिश ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और कार्यदायी संस्थाओं के मरम्मत के दावों की हवा निकाल दी है। मरम्मत के दौरान जिन गड्ढों को डामर और गिट्टी से भरा गया था, वे बारिश का पानी पड़ते ही दोबारा खुल गए हैं। सड़क पर गिट्टियां बिखरने से दोपहिया और चार पहिया वाहनों के फिसलने का गंभीर खतरा बन गया है।

कई स्थानों पर मरम्मत किए गए हिस्से गहरे गड्ढों में बदल चुके हैं। रात के समय या तेज रफ्तार वाहनों के लिए ये गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।

ये भी पढ़े-UP News: फर्जी मार्कशीट पर बन गए ‘वकील’! प्रयागराज में 39 अधिवक्ताओं पर दर्ज हुई FIR

सफर करने वाले राहगीर परेशान

लखनऊ और कानपुर के बीच रोजाना आवागमन करने वाले नौकरीपेशा, व्यापारी और आम यात्रियों में एनएचएआई और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है।

यात्रियों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर केवल खानापूरी की जा रही है। बारिश होते ही सड़क का डामर बह जाता है और गिट्टियां बिखर जाती हैं। इससे न केवल गाड़ियों का नुकसान हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का अंदेशा भी हर वक्त बना रहता है।

स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन तथा एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों से इस पूरे मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत दोबारा कराई जाए ताकि हादसों पर रोक लग सके।

ये भी पढ़े-Varanasi में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, SDM ने ROB का किया निरीक्षण

Back to top button