
राहुल गांधी पर प्रेग्नेंट महिला पत्रकार से बदसलूकी और धक्का देने का आरोप
Rahul Gandhi Allegation: राजधानी दिल्ली में विपक्षी दलों (INDIA ब्लॉक) के ‘चलो दिल्ली’ विरोध प्रदर्शन और सुप्रीम कोर्ट मार्च के बीच एक नया और बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। BJP ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर तीन महीने की गर्भवती महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी करने और उन्हें धक्का देने का गंभीर आरोप लगाया है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर अस्पताल में भर्ती पीड़िता का एक वीडियो शेयर कर कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया है।
“कंधा पकड़कर दिया धक्का”
आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार की पहचान ‘वनइंडिया’ (Oneindia) डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी रिचा पराशर (Richa Parashar) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सिवान की रहने वाली हैं। अस्पताल से सामने आए वीडियो में रिचा पराशर ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के पास कवरेज के दौरान जब उन्होंने माइक आगे किया, तो राहुल गांधी ने गुस्से में आकर उनका बायां कंधा पकड़कर जोर से खींच दिया और धक्का दे दिया।
पीड़िता का दावा है कि धक्का लगने से वह सीढ़ियों पर पेट और घुटने के बल गिर गईं। इसके तुरंत बाद राहुल गांधी और उनके सुरक्षाकर्मियों की धक्का-मुक्की में उनका कैमरापर्सन तथा 4-5 अन्य लोग भी उनके ऊपर आ गिरे। इस घटना में उनका मोबाइल फोन टूट गया और माइक गिर गया। महिला पत्रकार ने बताया कि वह 3 महीने की गर्भवती हैं और इस हादसे से उन्हें शारीरिक चोट के साथ-साथ गहरा मानसिक आघात भी पहुंचा है।
ये भी पढ़े-महिला पत्रकारों से मारपीट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, DP के अधिकारी SC में तलब
BJP का राहुल गांधी पर तीखा हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी तथा अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो और तस्वीरों का कोलाज शेयर करते हुए राहुल गांधी की आलोचना की। बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या एक नेता प्रतिपक्ष को इस तरह का व्यवहार शोभा देता है? बीजेपी ने राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मी से भी खींचतान करने का आरोप लगाया है और उनके नारों को खोखला करार दिया है।
ये भी पढ़े-राष्ट्रपति मुर्मू ने छह राज्यों के बदले राज्यपाल, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सत्तापक्ष का दुष्प्रचार और राजनीतिक साजिश करार दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान भारी भीड़ और अफरातफरी का माहौल था, लेकिन राहुल गांधी द्वारा किसी भी पत्रकार या महिला के साथ अभद्रता करने का दावा पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद है।
अस्पताल में भर्ती रिचा पराशर ने कहा कि वे इस घटना से डरने वाली नहीं हैं और अपने साथ हुई इस बदसलूकी के खिलाफ आवाज उठाती रहेंगी।
ये भी पढ़े-Data, knowledge और नवाचार ही ताकत’:Modi





