पंजाब: गलत स्ट्रोक खेल गए ‘गुरु’, आउट कर सकता है नाराज़ आलाकमान

राहुल, सोनिया व नवजोत सिंह सिद्धू

नई दिल्ली। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बचकानी हरकत अब नवजोत सिंह सिद्धू को भारी पड़ सकती है। सूत्रों की मानें तो इस्तीफे से उठे सियासी घमासान के कारण पार्टी आलाकमान बेहद नाराज है, इसको लेकर अब तक दोनों पक्ष में कोई बातचीत नहीं हुई है।

माना जा रहा है कि पार्टी इस बार सिद्धू को नहीं मनाएगी। कांग्रेस ने पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए मंथन भी शुरू कर दिया है। इस दौड़ में रवनीत सिंह बिट्टू का नाम सबसे आगे चल रहा है।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सिद्धू के रवैये से आलाकमान बेहद नाराज है और उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जा सकता है। हालांकि, सिद्धू का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है।

पहले बताया जा रहा था कि पंजाब प्रभारी हरीश रावत आज बुधवार को चंडीगढ़ जाएंगे लेकिन फिलहाल उनका दौरान भी टल गया है, स्पष्ट है कि नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से हुई किरकिरी को इस बार कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

पार्टी सूत्रों की माने तो सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार नहीं कर कांग्रेस नेतृत्व उन्हें समय देना चाहता है लेकिन अगर वह नहीं माने तो सख्त कदम भी उठाया जा सकता है।

सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। खबरों की मानें तो आज की कैबिनेट में जो मंत्री नहीं आएंगे उन पर भी कार्रवाई हो सकती है।

गौरतलब है कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के विरोध के बावजूद सिद्धू को इसी साल 23 जुलाई को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था।

सिद्धू के इस्तीफे के बाद उनके समर्थन में चन्नी सरकार के मंत्री सहित कई बड़े नेताओं के इस्तीफों की झड़ी लग गई। सिद्धू की करीबी मानी जाने वाली एक मंत्री सहित अन्य तीन नेताओं ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।

Back to top button