यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर से टकराई कार; पांच लोग जिंदा जले

यमुना एक्सप्रेसवे में दुर्घटना: कार में लगी आग

आगरा (उप्र)। उप्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर आज मंगलवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। यहाँ एक कार कंटेनर से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

टक्कर के बाद कंटेनर में भी आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस प्रयास कर रही है। 

हादसा आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में तड़के तकरीबन 4.30 बजे हुआ। कार आगरा से नोएडा की ओर जा रही था। यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 160 के नजदीक आगे चल रहे कंटेनर से कार टकरा गई।

टक्कर के बाद कार में आग लग गई। एक्सप्रेसवे के बूथ के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चालक कंटेनर छोड़कर भाग चुका था।

सूचना पाकर दमकल की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। किसी तरह आग बुझाई गई। तब तक कार में सभी सवार लोगों की मौत हो चुकी थी।

बताया गया है कि कंटेनर चालक ने कंटेनर को अचानक मोड़ दिया था। पीछे से आ रही कार तेज रफ्तार में थी। इससे कार अनियंत्रित होकर कंटेनर के डीजल टैंक से टकराई गई थी। 

सेंट्रल लॉक हो जाने के कारण नहीं खुला दरवाजा

हादसे के बाद कार के सेंट्रल लॉक हो जाने के कारण उसमें सवार लोग दरवाजा नहीं खोल पाए। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला।

आग लगते कार आग का गोला बन गई, वहां मौजूद लोग भी उन्हें बचाने में बेबस थे। पुलिस का कहना है कि जिंदा जलने वालों में एक बच्चा, एक महिला और तीन पुरुष लग रहे हैं। 

शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गाड़ी का नंबर लखनऊ का है। यह उन्नाव में पंजीकृत है। इसी के जरिये शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Back to top button