उप्र: भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का निधन, 17 मई को पत्नी की हुई थी मौत

devendra pratap mla

कासगंज। उप्र के कासगंज जनपद के अमांपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का आज सोमवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। बीती 17 मई को उनकी पत्नी का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हुआ था।

उन्हें उपचार के लिए परिजन अमांपुर से सीधे एटा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद कासगंज और एटा के तमाम भाजपा के नेता और विधायक अस्पताल पहुंच गए। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके परिजनों से फोन पर बात की।

घटनाक्रम के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे विधायक अपने आवास पर तैयार होकर क्षेत्र में जाने के लिए निकलने वाले थे तभी कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। वह जैसे कुर्सी पर बैठे तभी उन्हें हार्ट अटैक आया।  

परिजन उन्हें लेकर तत्काल अमांपुर से एटा सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने बताया विधायक को आवास पर हार्ट अटैक हुआ, जिससे उनका निधन हो गया। इस घटना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीएम योगी ने फोन पर परिजनों से बात की

विधायक देवेंद्र प्रताप के निधन की सूचना नेताओं ने भाजपा प्रदेश आलाकमान को दी। वहीं जिला प्रशासन ने शासन को अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन कर परिजनों से बात की और ढांढस बंधाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी से फोन पर पूरी जानकारी ली।

Back to top button