यूक्रेन-रूस युद्ध: यूक्रेनी राष्ट्रपति का बयान- संघर्षविराम की घोषणा करे रूस

पुतिन व जेलेंस्की

कीव। यूक्रेन-रूस के बीच बातचीत से ठीक पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि, रूस तुरंत संघर्षविराम की घोषणा करे और यूक्रेन से अपने सैनिकों को वापस बुला ले।

दूसरी ओर रूस की सेना तेजी से यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला कर रही है। यह हमले का पांचवां दिन है।  यूक्रेन की सेना डटकर रूस का सामना कर रही है लेकिन बताया जा रहा है कि उसके लिए यह बेहद मुश्किल दिन है।

रूस की सेना की ओर से कहा गया है कि, अगर कोई भी नागरिक सुरक्षित कीव से बाहर जाना चाहता है, तो वह जा सकता है। उस पर हमला नहीं किया जाएगा।

बेलारूस में थोड़ी देर में शुरू होगी वार्ता

रूस-यूक्रेन के बीच बातचीत शुरू होने से पहले रूसी सेना ने हमले की रफ्तार धीमी कर दी है। इसकी पुष्टि यूक्रेनी सेना की ओर से की गई है। बेलारूस में किसी भी पल दोनों देशों के बीच वार्ता शुरू हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, रूसी प्रतिनिधिमंडल, यूक्रेन के दल का इंतजार कर रहा है।

यूक्रेन के मुद्दे को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई। 15 सदस्यों में से 11 ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में इसको लेकर चर्चा कराने का समर्थन किया है। यूक्रेन का दावा है कि उसने 4300 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है और 200 से ज्यादा को युद्धबंदी बनाया गया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि, अगले 24 घंटे यूक्रेन के लिए सबसे कठिन होने वाले हैं। वहीं जी 7 नेताओं ने यूक्रेन के विदेश मंत्री से बात की। उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ लड़ाई में सभी देश यूक्रेन का समर्थन जारी रखेंगे।

Back to top button