RRR ने पांचवें दिन पार किया 100 करोड़ का पड़ाव, बनी 2022 की सबसे तेज फिल्म

RRR box office collection

नई दिल्ली। एसएस राजामौली की फिल्म RRR बॉक्स ऑफिस पर पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। मेकर्स को फिल्म से जैसी उम्मीद थी, उस पर खरी उतर रही है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने रिलीज के पांचवें दिन फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है।

25 मार्च को आरआरआर तेलुगु और दूसरी दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज हुई थी। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार मंगलवार को आरआरआर ने लगभग 15 करोड़ का कारोबार किया है, जिसके साथ फिल्म 100 करोड़ के पार पहुंच गयी है।

इससे पहले सोमवार तक फिल्म 91.50 करोड़ जमा कर चुकी थी और 100 करोड़ करने के लिए इसे महज 8.50 करोड़ की ही जरूरत थी।

100 करोड़ पर पहुंचने वाली सबसे तेज फिल्म

RRR 100 करोड़ तक पहुंचने वाली साल 2022 की सबसे तेज फिल्म है। इससे पहले आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी और द कश्मीर फाइल्स 100 करोड़ का पड़ाव पार कर चुकी हैं।

गंगूबाई काठियावाड़ी को 100 करोड़ पार करने में 13 दिन लगे, जबकि द कश्मीर फाइल्स ने 100 करोड़ का पड़ाव आठ दिन में पार किया। अगर राजामौली की पिछली फिल्म बाहुबली 2- द कन्क्लूजन से तुलना करें तो आरआरआर थोड़ा पीछे है। बाहुबली 2 ने ओपनिंग वीकेंड में ही 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था।

अल्लू अर्जन की पुष्पा के बाद आरआरआर दूसरी दक्षिण भारतीय फिल्म है, जिसने हिंदी बेल्ट में भी दर्शकों को इतने पड़े स्तर पर आकर्षित किया हो। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में भी आरआरआर कमाल दिखा रही है। रिलीज के तीन दिनों में 500 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी फिल्म अब 600 करोड़ के बेहद नजदीक है।

Back to top button