लखनऊ: प्रियंका गांधी ने दिया मौन धरना, इन लोगों पर दर्ज हो गया केस

लखनऊ में प्रियंका गांधी का मौन धरना

लखनऊ। उप्र में 2022 के विधानभा चुनाव की गूँज अब विभिन्न राजनैतिक दलों में सुनाई देने लगी है। चुनाव की तैयारियों के इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार को राजधानी लखनऊ आईं।

प्रियंका गांधी ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर मौन धरना रख योगी सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

लेकिन बगैर सूचना और इजाज़त के धरना देने पर ऐक्शन लेते हुए हजरतगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज करा ली है।

हजरतगंज पुलिस की दर्ज एफआईआर में हालांकि प्रियंका गांधी को सीधेतौर पर आरोपी नहीं बनाया गया है।

कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, वेदप्रकाश त्रिपाठी, दिलप्रीत सिंह समेत 500 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें धारा-144 के उल्लंघन, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, महामारी एक्ट में एफआईआर लिखवाई गई है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रियंका करीब दो घंटे तक मौन धरने पर बैठी थीं। पुलिस के अनुसार, सिर्फ 10 मिनट के कार्यक्रम की इजाज़त ली गई थी। जिसमें गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण की इजाज़त थी।

आज प्रियंका लखीमपुर दौरे पर हैं, वहां वह ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी की शिकार हुई महिला से मुलाकात करेंगी।

Back to top button