रूस-यूक्रेन युद्ध: रूस पर लगे कुछ नए प्रतिबंध, बेलारूस को भी मिली सजा

Russia Ukraine War

वाशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन पर रूसी सेना लगातार बमबारी कर रही है। युद्ध को रोकने और रूस को कमजोर करने के लिए कई बड़े देश उस पर लगातार प्रतिबंध लगा रहे हैं।

इस बीच अमेरिका भी रूस पर दबाव बनाने के लिए कई बड़े प्रतिबंध लगा चुका है। इसी कड़ी में अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने आज रूस और बेलारूस पर लक्जरी सामानों के निर्यात पर रोक लगा दी है। बता दें कि बेलारूस भी रूस का साथ दे रहा है।

इन चीजों पर लगा प्रतिबंध

विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बताया कि हमने रूसी शराब, समुद्री भोजन और गैर-औद्योगिक हीरों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है।

प्राइस ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा और यह भी सुनिश्चित करेगा कि रूस को प्रतिबंधों पर कोई राहत नहीं दी जाए।

उन्होंने कहा कि हम हमेशा यूक्रेन के साथ प्रतिबद्ध और एकजुट रहेंगे। रूस पर तब तक ये सख्ती जारी रहेगा जब तक कि पुतिन अपना रास्ता नहीं बदल लेते और अपनी क्रूर आक्रामकता को छोड़ नहीं देते।

यूरोपीय संघ भी लगा चुका प्रतिबंध

इससे पहले यूरोपीय संघ ने भी रूस पर लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। यूरोपीय संघ के अध्यक्ष ने कहा कि विश्व व्यापार संगठन के सदस्य के रूप में रूस के क्रूर कार्य के चलते उनके लाभों को खत्म करने के साथ लक्जरी सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया गया है।

यूरोपीय संघ ने यह भी कहा कि संघ रूस से लोहा और इस्पात क्षेत्र में प्रमुख वस्तुओं को प्रतिबंधित करेगा। इसके साथ ही रूस के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

रूस को चुकानी होगी आर्थिक कीमत

बता दें कि फ्रांस में गुरुवार और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के नेताओं की मुलाकात के बाद नए प्रतिबंधों की घोषणा हुई।

नेड प्राइस ने बताया कि अमेरिका अपने G7 भागीदारों के साथ मिलकर रूस पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हमने यह घोषणा इसलिए की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रूस की सरकार यूक्रेन पर आक्रमण के लिए एक गंभीर आर्थिक और कूटनीतिक कीमत चुकाए।

Back to top button