रूस-यूक्रेन युद्ध: यूक्रेन का आत्मसमर्पण से इंकार, पुतिन से वार्ता को तैयार

Russia Ukraine War

कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 26वां दिन है। इस बीच यूक्रेन ने साफ संकेत दिए हैं कि, वह आत्मसमर्पण नहीं करेगा। मारियूपोल में चल रही भीषण जंग में भी यूक्रेन की सेना ने हथियार डालने से इंकार कर दिया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कहना है कि, वह पुतिन से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन यह वार्ता फेल होती है तो तीसरा विश्व युद्ध होगा।

नाटो देश यूक्रेन में कर सकते हैं सैन्य तैनाती

25 मार्च को पोलैंड दौरे पर जा रहे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, यूक्रेन में सैन्य तैनाती पर चर्चा कर सकते हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ में अमेरिका की ओर से इसके संकेत दिए गए हैं।

अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ने यूएन में कहा है कि अमेरिका यूक्रेन में अपनी सेना नहीं भेजने जा रहा है, लेकिन यह इस बात से इंकार नहीं करता है कि कोई अन्य नाटो देश ऐसा कर सकता है।

कीव में चार लोगों की मौत

कीव में रूस की ओर से किए गए हमलों में चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपातकालीन सेवा की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रूसी हमलों के बाद कई जगह आग लग गई। इसकी चपेट में चार लोग आ गए, जिनकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

सूमी केमिकल प्लांट से अमोनिया गैस लीक

यूक्रेन की ओर से की गई एयरस्ट्राइक में सूमी केमिकल प्लांट में अमोनिया गैस लीक हो गई। सूमी ओब्लास्ट के गवर्नर दिमित्रो जियवेत्स्की ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे सुमीखिंप्रोम रासायनिक संयंत्र से अमोनिया का रिसाव हुआ। इससे 2.5 किलोमीटर का क्षेत्र प्रभावित हुआ है। प्रभावित क्षेत्र के लोगों को तुरंत भूमिगत आश्रय लेने की सलाह दी गई है।

Back to top button